पिता की दूसरी शादी से नाराज तीन भाइयों ने मिलकर उसकी तलवार से काट कर हत्या कर दी। मलहीपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह तीनों आरोपी पहले से घात लगाए बैठे थे। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। चौथे भाई की तहरीर पर नामजद केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र में ग्राम बेगमपुर मजरा कुंभिया निवासी अली अहमद (60) की पत्नी का कुछ वर्ष पूर्व निधन हो गया था। इसके बाद गत जनवरी माह में अली अहमद ने दूसरी शादी कर ली। अली की दूसरी शादी से उसके चार पुत्रों में तीन नाराज हो गए। उनका विवाद होने लगा।
दो माह पूर्व तीनों भाइयों ने मिलकर अपनी सौतेली मां को घर से निकाल दिया। उन्होंने विरोध करने पर अपने पिता को मारा पीटा जिसका इलाज अभी तक चल रहा था। मंगलवार को अली अहमद इलाज कराने के लिए राजापुर पुरैना निवासी अपने समधी हबीबुल्ला के साथ बाइक से जा रहा था।
आरोप है कि दोनों गांव से बाहर कुंभिया हसनापुर मार्ग पर पहुंचे थे कि अली अहमद के पुत्र हकीम (30), कमरुद्दीन (28) व फकरूद्दीन (25) ने रोक लिया। अली अहमद की गर्दन पर तलवार से हमला कर दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी पर ग्रामीणों के साथ प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर रामस्वभाव वर्मा वहां पहुंच गए। अली अहमद के एक अन्य पुत्र नसीम उर्फ डॉक्टर ने तीनों आरोपी भाइयों के विरुद्ध पिता की हत्या की तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर के मुताबिक दूसरी शादी से नाराज तीनों भाइयों ने पिता की हत्या कर दी है।
मृतक के मझले पुत्र की तहरीर पर केस दर्ज कर फरार आरोयिों की तलाश की जा रही है। सूचना पर सीओ भिनगा वीर सिंह व अन्य अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया।