पशु तस्करों के ट्रक से कुचल कर जलनिगम के एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि एक अवर अभियंता गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। उधर हादसे के बाद ग्रामीणों की घेराबंदी पर चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक से कुल 22 पशु बरामद किए हैं।
महरुआ थाना अंतर्गत जलालपुर सेहरा गांव निवासी श्यामलाल (40) भियांव ब्लॉक स्थित जलनिगम में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात थे। वह जलालपुर में किराये के मकान में रह रहे थे। मंगलवार दोपहर बाद वह भियांव से बाइक द्वारा जलालपुर आ रहे थे।
उनके साथ विभागीय जेई मनीकुमार (45) भी थे। जैतपुर थाना अंतर्गत अंबरपुर गांव के निकट पशुओं से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया।
वहां चिकित्सकों ने श्यामलाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि जेई का इलाज चल रहा है। उधर ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बरामद ट्रक में पुलिस को कुल 22 गोवंशीय पशु मिले हैं।
इन्हें जैतपुर थाने लाकर आवश्यक लिखा-पढ़ी की जा रही है। एसओ राजेश यादव के मुताबिक घटना को लेकर कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही एफआईआर दर्ज की जाएगी।
ट्रैक्टर की चपेट में आकर बुजुर्ग की जान गई : टांडा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नेहरु नगर स्थित थिरुआ पुल पर मंगलवार दिन में करीब साढ़े तीन बजे अनियंत्रित हुए ट्रैक्टर ने लगभग 60 वर्षीय साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया।
इससे बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। उधर कुछ दूर जाने के बाद चालक ट्रैक्टर को खड़ा कर भाग गया।