फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऑटो चालक की गोली मारकर हत्या

Thu, 20 Jul 2017 11:39 PM IST
अमर उजाला/बहराइच
विज्ञापन
हत्या के बाद ‌बिलखते परिवारीजन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शहर के छावनी बाजार चौराहे पर स्थित एक जूते की दुकान के सामने बैठे ऑटो चालक पर बुधवार देर रात स्कूटी सवार लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इससे चौराहे पर दहशत फैल गई। लहूलुहान हालत में ऑटो चालक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामला जमीन की रंजिश का बताया जा रहा है। इस मामले में तीन सगे भाइयों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गुरुवार को दबोच लिया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा व स्कूटी बरामद हुई है। दो अन्य आरोपी फरार हैं। 
विज्ञापन


दरगाह थाना क्षेत्र के छोटी तकिया मोहल्ला निवासी गुड्डू (30) पुत्र अब्दुल ताहिर ऑटो चालक था। बुधवार शाम करीब आठ बजे वह ऑटो खड़ा कर परिवारीजनों के लिए सब्जी लाया। फिर टहलने के लिए बाजार निकल गया। रात 10 बजे दरगाह छावनी चौराहे पर स्थित एक जूते की दुकान के सामने बैठकर मोबाइल पर गेम खेल रहा था।

तभी 10:15 बजे स्कूटी सवार तीन युवक मौके पर पहुंचे। स्कूटी से उतरे एक युवक ने गुड्डू पर ताबड़तोड़ फायर झोंक दिए, जिससे आसपास मौजूद लोग भाग खड़े हुए। हमलावर असलहे लहराते हुए भाग निकले। व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दीं। पुलिस ने लहूलुहान हालत में गुड्डू को जिला अस्पताल पहुंचाया, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवारीजन भी रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गए। एसपी सुनील सक्सेना, एएसपी कमलेश दीक्षित, नगर मजिस्ट्रेट भी अस्पताल पहुंचे।
विज्ञापन


एसपी ने बताया कि जमीन के विवाद के चलते हत्या हुई। मृतक के पिता अब्दुल ताहिर की तहरीर पर तीन सगे भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। थानाध्यक्ष संजय दूबे ने बताया कि दोपहर बाद दरगाह-नूरुद्दीन चक मार्ग पर आरोपियों के होने का पता चला। घेराबंदी कर मुख्य आरोपी मोहम्मद अहमद पुत्र अब्दुल हमीद निवासी नूरुद्दीनचक को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस व स्कूटी बरामद हुई। हत्या में शामिल उसके भाई व सहयोगी गनन और हलीम फरार हैं। 

जहां पर ऑटो चालक पर गोलियां बरसाई गईं। वहां से महज 30 मीटर की दूरी पर पुलिस महकमे का वज्र वाहन खड़ा था। लगभग पांच पुलिसकर्मी थे, पर फायरिंग की आवाज सुनते ही पुलिसकर्मी वज्र वाहन समेत भाग खड़े हुए। 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ऑटो चालक पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ तीन फायर किए। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर एक गोली का निशान मिला है, जो सीने को छलनी कर बाहर निकल गई। जिससे लग रहा है कि 315 बोर या 32 बोर की रिवाल्वर से फायरिंग हुई है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें