विदिशा का पति पहुंचा जेल
फिल्म जग्गा जासूस की सह अभिनेत्री विदिशा बेजबरुआ के पति निशीत झा ने पुलिस रिमांड के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। प्रेमिका किसी तरह के विवाद में न पड़े इसके लिए जांच के दौरान वह पुलिस को गुमराह कर रहा है।
पुलिस को मोबाइल की विस्तृत रिपोर्ट आने का इंतजार है। इसके साथ ही पुलिस ने एक दिन की रिमांड पूरी होने के बाद बृहस्पतिवार को उसे अदालत में पेश किया। जहां पर अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है।
पुलिस रिमांड के दौरान उसने स्वीकार किया कि उसकी किसी अन्य से जान-पहचान थी। जिसके कारण घर में तनाव रहता था। सेक्टर 43 के घर में वह दो-तीन दिन पहले ही शिफ्ट हुआ था। एक ब्रोकर के माध्यम से भवन किराये पर लिया था।
घटना वाले दिन वह अपनी पत्नी को अकेला घर पर छोड़कर किसी काम से बाहर गया हुआ था। उसकी पत्नी से उसका मनमुटाव होने के कारण उनकी आपस में बात नहीं हो रही थी। उसने जिस ब्रोकर के जरिए मकान लिया था उसको फोन करके कहा कि मैडम फोन नहीं उठा रही हैं, एक बार घर जाकर पता करो। जिस पर ब्रोकर उनके घर पहुंचा तो उसकी पत्नी खुदकुशी कर चुकी थी। जिसकी सूचना ब्रोकर ने उसको दी।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी पति से उसका मोबाइल बरामद किया जा चुका हैं, जिसको जांच के लिए पुलिस ने अपने कब्जा में लिया है। पुलिस फोन की कॉल डिटेल, फेसबुक डिटेल, व्हाट्स एप डिटेल को बारीकी से चेक करने के बाद ही इस केस के नए पहलू का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
ब्रोकर से भी पुलिस करेगी पूछताछ
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मकान दिलाने वाले ब्रोकर के बारे में पता चला है। जिसने निशीत झा ने के मोबाइल पर पत्नी के आत्महत्या की सूचना दी थी। पुलिस को उससे पूछताछ में कुछ मदद मिलने की उम्मीद है।
सीडीआर आने के बाद ही खुलेगी तस्वीर
थाना प्रभारी सुशांत लोक का कहना कि पिता के आने के बाद मिलने वाली जानकारी और आरोपी के मोबाइल की सीडीआर रिपोर्ट आने का इंतजार है। जिसके बाद पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उससे घटनास्थल की निशानदेही करायी जा चुकी है। सीडीआर रिपोर्ट आने के बाद आवश्यकता पड़ने पर पुलिस उसे दुबारा रिमांड पर ले सकती है।
गौरव फोगाट थाना प्रभारी सुशांतलोक गुरुग्राम।