मिहींपुरवा (बहराइच)। दुकान बंद कर घर लौट रहे एक व्यवसायी को बाइक सवार पांच युवकों ने तमंचे के बल पर लूटने का प्रयास किया। व्यवसायी के विरोध पर बदमाशों ने व्यवसायी को पीट दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो बदमाश भाग निकले। घायल व्यापारी को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने घेराबंदी कर चहलारीघाट पर तीन बदमाशों को दबोचा है। पुलिस टीम से भी इन बदमाशों ने संघर्ष किया, जिसमें एसओ की अंगुली टूट गई। बदमाशों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। सभी सीतापुर के निवासी बताए जा रहे हैं।
मोतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मिहींपुरवा कस्बा निवासी व्यवसायी अनिल का पुत्र गोल्डी मदेशिया कस्बे में पश्चिमी बस स्टैंड पर जनरल स्टोर की दुकान चलाता है।
मंगलवार रात 10:15 बजे के आसपास गोल्डी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने गोल्डी का पीछा किया।
जब वह पट्रोल पंप के सामने पहुंचा तभी बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसे रोक लिया और गोल्डी से नकदी भरा बैग छीनने लगे। गोल्डी के विरोध करने पर सभी ने हाथापाई शुरू कर दी।
गोल्डी के शोर मचाने पर लोग अपने घरों से निकल आए। इतने में हमलावर भाग निकले। मौके पर एक बदमाश का मोबाइल छूट गया।
थानाध्यक्ष मोहम्मद यासीन टीम के साथ मौके पर आ गए। उन्होंने जख्मी व्यवसायी को अस्पताल में भर्ती कराया। बदमाश के मोबाइल को कब्जे में लेकर उसमें दर्ज नंबरों पर छानबीन शुरू की तो पता चला कि बदमाश महसी से होते हुए सीतापुर की ओर जा रहे हैं।
इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चहलारीघाट पर तीन बदमाशों को दबोच लिया। हालांकि, उनके दो अन्य साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पकड़े जाने पर मामले का खुलासा करेंगे।