चित्तौरा (बहराइच)। भदौली चौराहे पर स्थित तीन दुकानों पर चोरों ने हाथ साफ कर सामान व नकदी पार कर दी और सुरक्षा का दावा करने वाली पुलिस सोती रही। पीड़ित ने घटना की जानकारी दो बार पुलिस चौकी को दी तब मौके पर पुलिस जांच करने पहुंची। वहीं, तीन दुकानों में हुई चोरी की जानकारी कोतवाल को नहीं रही। पुलिस जांच करने की बात कहकर चोरी की घटना छिपाने में जुटी रही।
देहात कोतवाली क्षेत्र के भदौली चौराहे पर राम अवतार, सुरेश वर्मा व राम नारायण गुप्ता की दुकान है। रोजाना की तरह बुधवार की देर शाम सब दुकान बंदकर घर चले गए। बुधवार रात में अज्ञात चोरों ने तीनों दुकानों का शटर तोड़कर नकदी व सामान पार कर दिया। पीड़ित सुरेश वर्मा ने बताया कि इलेक्ट्रिक की दुकान से 30 हजार रुपये समेत 50 हजार से अधिक का सामान चोरी हुआ है। पीड़ित राम अवतार की खाद व रामराज के जनरल स्टोर से एक लाख से अधिक की संपत्ति गायब हो गई।
बृहस्पतिवार की सुबह जब व्यापारी दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान के शटर का ताला टूटा है। पीड़ितों ने बताया कि चिलवरिया चौकी को दो बार सूचना दी गई तब जाकर पुलिसकर्मी जांच करने पहुंचे। गश्त करने वाली पुलिस सोती रह गई और चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर लाखों का सामान पार कर दिया। देहात कोतवाल राजनाथ सिंह ने बताया कि चोरी की घटना के बारे में जानकारी नहीं है। इस बात से साफ है कि चौकी इंचार्ज ने कोतवाल को जानकारी नहीं दी।