मोतीपुर/उर्रा (बहराइच)। जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर आग लगने से तीन कच्चे मकान जलकर राख हो गए। आग लगने से मकान में रखा गृहस्थी का सामान भी जलकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
मिहींपुरवा तहसील क्षेत्र के ग्राम नौबना के मिश्रीलालपुरवा में पोल पर शॉर्ट सर्किट होने से निकली चिंगारी की चपेट में आने से रामावती पत्नी जगन्नाथ व मालकेश्वर के मकानों में आग लग गई। ग्रामीणों ने आग की लपटें उठती देख बचाव के लिए गुहार लगाई, लेकिन आग की तेज लपटों की चपेट में आने से मकान में रखे बर्तन, कपड़े व खाद्यान्न जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने किसी प्रकार आग की लपटों पर काबू पाया। पीड़ित परिवार का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही से ही यह हादसा हुआ है। बीते दिनों कई बार विभागीय अधिकारियों से इस संबंध में शिकायत की गई।
इसके बाद भी अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। घटना की सूचना पाकर राजस्व लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। आग लगने से लगभग दो लाख की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। उधर, मिहींपुरवा तहसील की ग्राम सभा राजापुर कतर्निया निवासी किशुन के घर में शुक्रवार की शाम अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग लगने से गृहस्थी का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। इसमें एक मवेशी के भी झुलसने की सूचना है।