बहराइच। कोरोना की संभावित तीसरी लहर ने प्रदेश में दस्तक देनी शुरू कर दी है, लेकिन जिले के नागरिक बेखौफ हैं। हालात ये हैं कि नये साल के आगाज पर शहर के बाजारों में उमड़ी भीड़ ने जमकर सोशल डिस्टेंसिग की धज्जियां उड़ाईं। प्रशासन ने भी भीड़ को नियंत्रित करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। कोरोना संक्रमण पर रोक लगाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से रात 11 से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाने की घोषणा की गई है।
जिले में एक कोरोना संक्रमित मिल भी चुका है। इसके बावजूद जिले के नागरिकों में कोरोना की खौफ नहीं दिखाई दे रहा है। हालात ये हैं कि शनिवार को नए वर्ष के आगाज पर ही शहर के बाजारों में उमड़ी भीड़ ने सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ाईं। ज्यादातर नागरिक बिना मास्क के घूमते नजर आए। डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि अधिकारियों व कर्मचारियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के निर्देश दिए गए है। जागरुकता अभियान भी चलाया जा रहा है।