नवाबगंज(बहराइच)। नवाबगंज पुलिस व एसएसबी के जवानों ने संयुक्त गश्त के दौरान मंगलवार को एक नेपाली तस्कर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार नेपाली युवक के पास से 270 शीशी नेपाली शराब बरामद की गई है। नवाबगंज थाना प्रभारी रामसमुझ प्रभाकर ने बताया कि अवैध तस्करी पर लगाम लगाने के लिए एसएसबी के जवानों के साथ गश्त की जा रही थी।
इसी दौरान भारत-नेपाल सीमा के पिलर संख्या 647/2 पुरानी समतलिया चौकी के पास साइकिल पर बोरी लादकर आता एक संदिग्ध व्यक्ति दिखा जिसे रोककर तलाशी ली गई तो बोरियों में 270 शीशी नेपाली शराब बरामद हुई। इसे नेपाल से तस्करी कर भारत लाया जा रहा था। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान गुलहरिया निवासी हिरासन चौहान के रूप में हुई है। गिरफ्तार व्यक्ति पर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।