बहराइच । सिविल न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हुआ। अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश सुरेंद्र प्रसाद मिश्रा ने की। राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद जनपद न्यायाधीश ने अन्य न्यायिक अधिकारियों के साथ परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिखा यादव ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में 16975 वादों का निस्तारण किया गया। इसमें जनपद न्यायाधीश ने सात वादों का निस्तारण किया। मोटर दुर्घटना प्रतिकर के 57 दावे, पारिवारिक/वैवाहिक के 54 वाद, सिविल के 53 वाद, फौजदारी के 8198 मुकदमे, बैंक रिकवरी के 630 मामले, बिजली बिल से संबंधित 31 मामलों (अशमनीय वादों को छोड़कर) राजस्व के 2150 वाद तथा जल बिल से संबंधित 110 वादों का निस्तारण किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में सेटेलमेंट की धनराशि नौ करोड़ 55 लाख 31 हजार 985 रही।