बहराइच। रविवार शाम घर जा रहे एक बुजुर्ग गल्ला व्यापारी पर सांड ने हमला कर दिया। सांड ने बुजुर्ग को गई बार पटका, जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गए। परिजन इलाज के लिए उन्हें लखनऊ ले गए जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जरवल रोड थाना क्षेत्र के जरवल रोड बाजार निवासी 90 वर्षीय मुन्नीलाल जैन गल्ला व्यापारी थे। वह थोक में गल्ला की खरीद-फरोख्त करते थे।
रविवार शाम सात बजे वह बाजार से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान घर के सामने सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड ने वृद्ध को सड़क पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गए। आनन-फानन में परिजनों ने इलाज के लिए उन्हें सीएचसी मुस्तफाबाद पहुंचाया जहां प्राथमिक इलाज कर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। व्यापारी की मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया।