पयागपुर (बहराइच)। थाना क्षेत्र के कोटबाजार में रविवार रात एक कार्यक्रम में नृत्य देखने के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। रात बीतते ही सुबह फिर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान दोनों तरफ से कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दी। हालात इस तरह बने कि बाजार में पीएसी तैनात करनी पड़ी। हालांकि, एसएचओ ने सूझबूझ का परिचय देते हुए मामले को शांत करा दिया। दोनों पक्षों से घायल हुए लोगों को पहले सीएचसी पयागपुर भेजा गया जहां से दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनो पक्षों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष हरेन्द्र मिश्र ने बताया कि कोटबाजार निवासी अभिषेक पुत्र किशन ने तहरीर देकर चार लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। तहरीर के मुताबिक, सोमवार सुबह नौ बजे दुकान खोलते समय कोटबाजार निवासी रोचक सिंह, रौनक सिंह, विनय पंडित व रामकेवल लाठी-डंडे व धारदार हथियारों से लैस होकर घर तक पहुंचे और उसे व उसके चचेरे भाई परमवीर और क्रांतिवीर को मारने लगे, जिससे तीनों को गंभीर चोट आई है। इस दौरान गल्ले में रखे 15000 रुपय भी लेकर फरार हो गए।
वहीं, दूसरे पक्ष के रोचक सिंह ने भी तहरीर देकर बताया कि सुबह नौ बजे दाढ़ी बनवाने निकला तो कोटबाजार चौराहे पर पहुंचते ही किशन, अभिषेक, विवेक, राजू, क्रांतिवीर कर्मवीर, परमवीर, शुभम उर्फ गोलू, शक्ति, व अंकित ने घेराबंदी कर हमला बोल दिया, जिससे सिर पर चोटें आईं। थानाध्यक्ष ने झगड़े की वजह एक दिन पूर्व नृत्य कार्यक्रम के दौरान आपसी कहासुनी बताई। फिलहाल घटना को लेकर स्थानीय व्यापारियों में रोष है। इस कारण दोपहर तक बाजार बंद रहा।
पुलिस के समझाने व उचित कार्रवाई के आश्वासन पर लोगों ने अपने प्रतिष्ठान खोले। मौके पर शांति व्यवस्था के लिए पीएसी तैनात की गई है। दोनों पक्षों के घायलों का मेडिकल कराया गया है। अभिषेक व रोचक को सिर में चोट लगने के कारण जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। थानाध्यक्ष के मुताबिक कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।