पयागपुर (बहराइच)। पयागपुर थानाक्षेत्र की ग्रामसभा पैंड़ी की एक महिला ने बेटी को घर के बाहर बैठाकर कमरे के अंदर फांसी लगा ली। खेत गए सास-ससुर जब लौटे तो दरवाजा बंद देख गांववालों को सूचना दी। गांववालों ने दरवाजा तोड़ा तो पंखे के छल्ले से लटकता शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नेहा (24) पत्नी अनिल कुमार बेटी और सास-ससुर के साथ घर में रहती थी। पति अनिल कुमार बाहर नौकरी करते हैं। शनिवार को जब सास-ससुर खेत चले गए तो नेहा ने मासूम बेटी को घर के बाहर बैठाकर कमरा बंदकर फांसी लगा ली। दोपहर बाद जब सास-ससुर खेत से लौटे तो बच्ची को बाहर रोते देखा। दरवाजा खटखटाया तो कोई आवाज नहीं आई। गांववालों को सूचना दी गई। दरवाजा तोड़ा गया तो साड़ी से लटकता शव दिखा। ग्राम प्रधान शिव कुमार तिवारी ने घटना की सूचना पयागपुर एसएचओ हरेंद्र मिश्र को दी। मायकेवालों को भी सूचना दी गई है। इसके बाद मृतका के पिता गुरुवचन निवासी रोहनी भारी, विशेश्वरगंज भी पहुंच गए। उन्होंने थाने में तहरीर दी है।