बहराइच। रोशनी फैलाती हुई झिलमिलाती झालरें व आकर्षक सामानों से बाजार गुलजार हो चुके हैं। खरीददारों की आमद भी बाजार में होने लगी है। अच्छे कारोबार की उम्मीद लगाए बैठे दुकानदारों को अब धनतेरस व दीपावली का इंतजार है। घरों में भी त्योहारों को लेकर तैयारियां शुरू हो गईं हैं। बच्चों में काफी उत्साह है। इस बार 50 करोड़ से अधिक का कारोबार होने की उम्मीद जताई जा रही है। कोरोना के कारण जिले की आर्थिक मंदी कम होने का अनुमान भी लगाया जा रहा है।
धनतेरस व दीपावली के त्योहार में चंद दिन बचे हैं। त्योहार को देखते हुए बाजार गुलजार होने लगे है। शहर के घंटाघर, पीपल चौराहा, छावनी चौराहा, अग्रसेन चौक व छोटी बाजार जगमगाती झालरों से सज चुके हैं। कपड़े, बर्तन, आभूषण व गिफ्ट की दुकानें सजकर तैयार हो गई हैं। त्योहार को देखते हुए बाजार में भीड़ भी उमड़ने लगी है। रोजाना बढ़ती भीड़ को देखकर दुकानदारों के मुरझाए चेहरे खिलने लगे हैं। इस बार दुकानदारों को उम्मीद है कि कोरोना काल में आई मंदी त्योहार में शायद कुछ कम हो जाए। बाजार में दोपहर से खरीदारी का सिलसिला शुरू होता है जो देर रात तक चलता है। ग्राहकों को दुकान की ओर आकर्षित करने के लिए दुकानदार तरह-तरह के ऑफर दे रहे हैं।
धनतेरस व दीपावली में अधिक खरीदारी होती है। सबसे ज्यादा खरीदारी धनतेरस पर लोग करते हैं। बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस बार कारोबारियों ने उम्मीद जताई है कि 50 करोड़ से अधिक का कारोबार होगा। इसकी तैयारी भी दुकानदारों ने कर ली है।
धनतेरस पर खरीदारी करना शुभ माना जाता है। ऐसे में लोगों ने अभी से बुकिंग शुरू करा दी है। सबसे ज्यादा बुकिंग कार व बाइक की हो रही है। शोरूम में नए वाहनों का डिस्प्ले तैयार हो गया है।