बहराइच। खैरीघाट-रमपुरवा संपर्क मार्ग पर मोरंग लादकर जा रही ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। इससे विद्युत पोल टूट गया। बिजली का खंभा टूटने से तीन गांव की छह हजार की आबादी बिजली-पानी के लिए तरस रही है। अभी तक लाइन दुरुस्त नहीं किया गया है।
महसी तहसील अंतर्गत खैरीघाट-रमपुरवा संपर्क मार्ग पर चकैया के निकट मोरंग लदी ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। बिजली के खंभे से ट्रक के टकराने पर पोल टूटकर गिर गया। ग्रामीणों के मुताबिक ट्रक मोरंग लादकर हमीरपुर से लीलापुरवा निवासी राम नरायन तिवारी की दुकान पर जा रहा था, लेकिन काफी मात्रा में गड्ढा होने के चलते ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे बिजली के तीन खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। जबकि एक खंभा पूरी तरह से टूट गया है। बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने से मांझा दरिया बुर्द, पिपरिया और केवलपुर गांव की आपूर्ति बाधित हो गई है। इन गांवों की लगभग छह हजार की आबादी बिजली-पानी के लिए तरस रही है। मामले में एक्सईएन नानपारा परिक्षेत्र से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सूचना मिली है। क्षेत्रीय कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया है।