रिसियामोड़ (बहराइच)। आसाम रोड स्थित सरिया मिल में अचानक क्रेन टूटने से भगदड़ मच गई। अचानक टूटी क्रेन के नीचे पांच मजदूर दब गए जिनमें एक की मौत हो गई जबकि चार घायल मजदूरों को कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन निकाला गया। आनन-फानन में इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया जहां तीन मजदूरों की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया जबकि एक घायल मजदूर का इलाज बहराइच अस्पताल में चल रहा है। जानकारी मिलने पर एसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है। मृतक व तीन घायल मजदूर बिहार के निवासी हैं जबकि एक मजदूर अमेठी का रहने वाला है। परिजनों को हादसे की सूचना पुलिस द्वारा दे दी गई है।
रिसिया थाना क्षेत्र के गोदनी बसाही गांव में आसाम रोड पर सुदेश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड नाम से स्टील प्लांट है। इसमें पारस ब्रांड की टीएमटी सरिया बनाने का काम होता है जिसमें सैकड़ों मजदूर काम करते हैं। सरिया मिल में काम करने के दौरान मंगलवार भोर लगभग चार बजे अचानक सरिया मिल की क्रेन टूट गई। जिससे काम कर रहे कई मजदूर दब गए। आसपास के मजदूर तो बाहर निकल गए, लेकिन पांच मजदूर उसी में दबे रहे। काफी मशक्कत के बाद क्रेन को हटाया गया। क्रेन हटने के बाद उसके नीचे दबे बिहार के चंपारण जिले के ढोल बजवा निवासी संजय पुत्र केशावर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बिहार के चंपारण जिले के शीतल बारी निवासी अनिल कुमार पुत्र राजेंद्र, सीवान के राहुल कुमार पुत्र श्याम सुंदर, दुर्गेश पुत्र राजेंद्र व यूपी के अमेठी के तिलोई निवासी मोहम्मद हसनैन पुत्र जमील गंभीर रूप से घायल हो गए।
आनन-फानन में इलाज के लिए सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद इलाज के लिए तीन लोगों को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर एसपी सुजाता सिंह ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। सरिया मिल के मैनेजर व कर्मचारियों से वार्ता कर घटना के बारे में पूरी जानकारी ली गई। एसपी के निर्देश पर थानाध्यक्ष ने मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
सरिया मिल में भोर लगभग चार बजे ही क्रेन टूटने से मजदूरों के दबने की सूचना लोगों को मिली। मंगलवार सुबह आठ बजे रिसिया थाने की पुलिस भी मिल के पास पहुंची। मिल का मेन गेट बंद रहा। पुलिस ने अपना परिचय भी दिया, लेकिन गेट नहीं खुला। जब भारी संख्या में फोर्स पहुंची तो गेट खुला। लगभग आधे घंटे बाद पुलिस को इंट्री मिली। उसके बाद पुलिस ने तफ्तीश शुरू की।
रिसिया थाना क्षेत्र में सरिया मिल में हादसे की सूचना पर मौके पर गई थी। निरीक्षण कर रिसिया थानाध्यक्ष को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। मृतक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- सुजाता सिंह, पुलिस अधीक्षक, बहराइच