बहराइच। मेडिकल कालेज से संबंद्ध महर्षि बालार्क जिला अस्पताल में तैनात 25 चिकित्सकों का वेतन अभी तक नहीं आया है। जिससे चिकित्सक काफी परेशान हैं। चिकित्सकों के मुताबिक पांच माह का वेतन सभी का शासन की ओर से लंबित है। जिससे कोरोना कॉल समेत अन्य कार्य बिना वेतन के ही चिकित्सकों को काटना पड़ा।
महर्षि बालार्क जिला अस्पताल में पीएमएस वर्ग के 28 चिकित्सकों की तैनाती है। इनमें से सीएमएस डॉ. ओपी पांडेय, डॉ. आरके वर्मा, डॉ. एफआर मलिक को प्रतिनियुक्त पर मेडिकल कालेज में ले लिया गया है। जबकि 25 चिकित्सक पीएमएस वर्ग में ही तैनात हैं। इनमें डॉ. हीरालाल, डॉ. एहतिशाम अली, डॉ. केके वर्मा, डॉ. आरके बसंत, डॉ. पंकज श्रीवास्तव समेत अन्य शामिल हैं। इन चिकित्सकों को चिकित्सा शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग की ओर से वेतन भेजा जाता है। लेकिन अप्रैल माह से सभी 25 चिकित्सकों का वेतन नहीं भेजा गया है। जिससे जिला अस्पताल में तैनात चिकित्सक काफी परेशान हैं। चिकित्सकों ने बताया कि कोरोना कॉल के साथ अन्य त्योहार बिना वेतन के ही बीता। वेतन न मिलने से चिकित्सकों को परेशानी हो रही है।
मेडिकल कालेज से संबद्ध जिला अस्पताल में 28 चिकित्सकों की तैनाती पीएमएस वर्ग में था। इनमें तीन चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति मेडिकल कालेज में हुई है। शेष 25 चिकित्सकों की नियुक्ति सीएचसी में होगी। लखनऊ से वेतन के लिए पत्राचार हो रहा है। इसके लिए एनओएसी भी मिल गई है। अगस्त माह के अंत तक सभी का वेतन आ जाएगा।
डॉ. अनिल के साहनी प्राचार्य