बागपत/बड़ौत। सिखेड़ा में सांसद खेल स्पर्धा में पहुंचे टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता रवि दहिया ने कहा कि खेलों में देश काफी बेहतर कर रहा है। जिस तरह से भारत को टोक्यो ओलंपिक में पदक मिले है, उससे भविष्य के लिए ज्यादा बेहतर करने की उम्मीद जगी है। युवाओं को नेश की लत से दूर करने के लिए खेलों की तरफ बढ़ाना होगा, क्योंकि खिलाड़ी केवल देश के लिए सोचता है।
उन्होंने ने कहा कि खिलाड़ियों को सभी सुविधाएं भी मिलनी चाहिए और सुविधाओं के बिना कोई खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ सकता है। खिलाड़ियों को मेहनत करते हुए अपना लक्ष्य तय करना चाहिए, तभी उनको कामयाबी मिल सकती है। कहा कि यूपी के काफी खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन किया है और यहां से लगातार अच्छे खिलाड़ी निकल रहे है।
सास-बहु का नाटक छोड़कर ओलंपिक गेम्स देखें बेटियां: बबीता
कॉमनवेल्थ गेम्स 2014 की स्वर्ण पदक विजेता पहलवान बबीता फोगाट शनिवार को बड़ौत के जनता वैदिक कालेज में दंगल में पहुंची। उन्होंने कहा कि मां-बाप को बेटियों को आजादी देनी चाहिए और उनके लक्ष्य को प्राप्त करने में उनका सहयोग करना चाहिए। कहा कि आज बेटियां खेलों में अपना कैरियर बना सकती है। इसलिए बेटियां सास-बहु के नाटक देखना छोड़कर ओलंपिक गेम्स देखे, ताकि वे देश के निर्माण के प्रति प्रेरित हो। राष्ट्र के निर्माण में जितनी भागीदारी पुरुषों की है, उतनी ही भागीदारी महिलाओं की भी है। देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझे। उत्तर प्रदेश और हरियाणा में खिलाड़ियों को दी जाने वाली सुविधाओं के जवाब में उन्होंने कहा कि पहले जब यूपी से खिलाड़ी हरियाणा में खेलने आते थे तो असुविधाओं का रोना रोते थे, लेकिन जब से प्रदेश में योगी सरकार आई है, तब से यहां भी खिलाड़ियों को सुविधाएं मिलने लगी है। ओलंपिक में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों को सीएम योगी आदित्यनाथ ने सम्मान किया है।
दिल में हमेशा हिंदुस्तान को रखिए: योगेश्वर दत्त
लंदन ओलंपिक 2012 के कांस्य पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त ने कहा कि खेलों में मंजिल पाने के लिए कोई शार्टकट नहीं है। इसलिए खिलाड़ियों को नशे से दूर रहना चाहिए। अपना लक्ष्य बड़ा बनाना चाहिए, तभी मंजिल तक पहुंच सकते है। कहा कि देश के नाम रोशन करने के लिए मेहनत के साथ खेलना चाहिए। दिल में हमेशा हिंदुस्तान को रखिए। उन्होंने कहा कि गांव-देहात में काफी प्रतिभाएं छिपी हुई है, जरूरत है बस उन्हें निखारने की। कहा कि यूपी की योगी सरकार में खिलाड़ियों को सुविधाएं मिलनी शुरू हो गई है। इसलिए आज खिलाड़ी पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर रहे है।
बागपत के बड़ौत में हुए दंगल के समापन में पहुंची पहवान बबीता फोगाट।- फोटो : BARAUT
बागपत के बड़ौत में हुए दंगल के समापन में पहुंचे पहलवान योगेश्वर दत्त।- फोटो : BARAUT