- फैजपुर निनाना से बिहारीपुर और बाम से अलावलपुर वाली सड़कों पर शुरू कराया गया काम
- पिछले एक साल से अधूरी पड़ी थी सडक़ें, ठेकेदारों पर सख्ती के बाद शुरू काम पूरा होने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। दो करोड़ रुपये से बनने वाले फैजपुर निनाना से बिहारीपुर और बाम से अलावलपुर तक की सड़क का निर्माण जल्द पूरा होने की उम्मीद है। क्योंकि सड़कों का निर्माण अधूरा होने पर अफसरों के सख्ती दिखाने पर ठेकेदारों ने काम शुरू करा दिया। दस दिन में दोनों मार्गों का निर्माण पूरा हो जाएगा, जिससे बीस से अधिक गांवों के ग्रामीणों को फायदा होगा।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की तरफ से फैजपुर निनाना से बिहारीपुर मार्ग निर्माण का ठेका 97.07 लाख रुपये, जबकि बाम से अलावलपुर मार्ग निर्माण का ठेका 104 लाख रुपये का छोड़ा गया था। जिनके निर्माण का समय अप्रैल 2023 निर्धारित किया गया, लेकिन निर्धारित समय बीतने के कई महीने बाद भी मार्गों के निर्माण का पूरा नहीं हुआ। जिसे ठेकेदारों ने अधूरा छोड़ दिया। जिससे दोनों मार्गों पर आने वाले 20 से अधिक गांवों के ग्रामीणों को जर्जर मार्ग से गुजरना पड़ रहा था। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता ने दोनों ठेकेदारों को अंतिम चेतावनी नोटिस जारी कर कार्रवाई की हिदायत दी थी। जिसके बाद ठेकेदारों ने दोनों मार्गों पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया, जिसे जल्द पूरा कराने का दावा किया जा रहा है।
इन गांवों के ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
फैजपुर निनाना से बिहारीपुर और बाम से अलावलपुर मार्ग का निर्माण होने से बीस से अधिक गांवों के ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी। जिसमे नैथला, फैजपुर निनाना, फैजुल्लापुर, सुल्तावनपुर हटाना, खेड़ा इस्लामपुर, खामपुर लुहारी, बिहारीपुर, सरूरपुरकलां, बाम, अलावलपुर, सादुल्लापुर, ओसिक्का, इदरीशपुर समेत अन्य गांवों के ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी।
वर्जन-
फैजपुर निनाना से बिहारीपुर और बाम से अलावलपुर मार्ग पर निर्माण शुरू करा दिया गया है। जिसका निर्माण जल्द पूरा करा दिया जाएगा और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा का लाभ मिलेगा। हबीबुल्ला, अधिशासी अभियंता।