समूह सखी पर लगाए गए अवैध वसूली के आरोपी की निष्पक्ष जांच की मांग
बड़ौत। भाग्य लक्ष्मी ग्राम संगठन महावतपुर गांव की महिलाओं ने बुधवार को ब्लाक मुख्यालय में प्रदर्शन किया। कुछ महिलाओं द्वारा समूह सखी पर पांच हजार रुपयों की अवैध वसूली के आरोप को झूठा बताया। एडीओ आईएसबी ने प्रकरण की निष्पक्षता से जांच कराने का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन करने वाली रेणू, ओमकली, सुमन, रवेन्द्र, राजेंद्री, रुकसाना, रविता, सुंदरी, वर्षा, सरोज आदि महिलाओं ने बताया कि महावतपुर गांव में भाग्य लक्ष्मी नाम से ग्राम संगठन संचालित है। इसमें कुल नौ समूह है और पूजा तोमर समूह सखी है। 31 जुलाई 2020 को गांव स्थित केनरा बैंक से सीसीएल (कैश क्रेडिट लिमिट) के रूप में एक-एक लाख रुपये प्रत्येक समूह को जारी किए गए थे। कुछ दिन पूर्व सारथी कलस्टर के अंतर्गत आने वाले अक्षरधाम व ओम स्वयं सहायता समूह की महिलाओं मुकेश, ममता, सुनीता, सोनम आदि ने बीडीओ राहुल वर्मा सहित अन्य अफसरों को शिकायत कर आरोप लगाया कि समूह सखी पूजा ने एक-एक लाख रुपये की बजाए 95-95 हजार ही समूह की महिलाओं को दिए है। इन शिकायत करने वाले महिलाओं का ग्राम संगठन से कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने समूह सखी पूजा पर लगाए गए आरोपों को झूठा बताया और इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। सूचना पर एडीओ आईएसबी योगेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे और उन्हें निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। बताया कि समूह सखी पूजा पर पांच हजार रुपये प्रति समूह न देने की शिकायत प्राप्त हुई थी। इसकी जांच की जा रही है।