चांदीनगर (बागपत)। जिले में बुखार का कहर कम नहीं हो रहा है। बुखार से मौत का सिलसिला लगातार जारी है। गौना व सरफाबाद गांव में बुखार से महिला सहित दो की मौत हो गई। इससे ग्रामीणों में दहशत है। उन्होंने दोनों गांवों में स्वास्थ्य कैंप लगवाने की मांग की है।
गौना गांव में बुखार के चलते महिला गीता (32) पत्नी मनोज शर्मा की मौत हो गई। महिला पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित थी और उसका इलाज निजी चिकित्सक के यहां चल रहा था। शुक्रवार को तबीयत बिगड़ने के करण उसकी मौत हो गई। वहीं, सरफाबाद निवासी भूरू (38) पुत्र सीनू पिछले एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित था। उसका इलाज निजी चिकित्सक के यहां चल रहा था। शुक्रवार देर रात तबीयत बिगड़ने पर उसकी भी मौत हो गई। परिजनों में मौत के कारण कोहराम मच गया। ग्रामीणों अंकित, कपिल, संजीव, रोहित, संदीप, राजबीर, मनोज आदि ने दोनों गांवों में स्वास्थ्य विभाग से कैंप लगवाने की मांग की है।