मंगलवार को कुत्ते के हमले से बचने के लिए बाइक से टकरा गया था बालक
सिर में घुस गया था बाइक का साइलेंसर, अस्पताल में हो गई थी मौत
कुत्ते के मालिक के घर के सामने शव रख किया हंगामा, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। आजाद नगर कालोनी की गली नंबर आठ निवासी सात वर्षीय बालक अक्षित पालतू कुत्ते के हमले बचने के लिए बाइक से टकरा गया था। बाइक का साइलेंसर उसके सिर में घुस गया था। मंगलवार की रात उसकी दिल्ली के अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों ने बुधवार को उसका शव कुत्ता मालिक के घर के सामने रख हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत किया। साथ ही कुत्ते के मालिक नीरज के खिलाफ मुकदमा भी पंजीकृत कर लिया है।
पिता राकेश के मुताबिक अक्षित मंगलवार की सुबह गली में खेल रहा। तभी पड़ोस में रहने वाले नीरज के कुत्ते ने अक्षित पर हमला बोल दिया। कुत्ते के हमले से अक्षित गली में खड़ी बाइक से टकरा गया। बाइक का साइंलेसर अक्षित के सिर में घुस गया। परिजनों ने गंभीर हालत में अक्षित को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां मंगलवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। परिजन रात में ही उसका शव ले आए और कुत्ते के मालिक के घर के सामने रख हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने रात में कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया दिया। मगर, कार्रवाई न होने पर बुधवार की सुबह फिर परिजनों ने अक्षित के शव को नीरज के घर के सामने रख हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी ने किसी तरह मामला शांत किया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मृतक अक्षित के पिता राकेश की तहरीर पर लापरवाही मानते हुुए कुत्ते मालिक नीरज के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
अक्षित की मौत से परिजनों में मचा कोहराम
बड़ौत। अक्षित अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। पिता राकेश, मां बीना और उसकी बहन का रो-रोकर बुरा हाल था। पिता ने बताया कि आठ अक्तूबर को अक्षित का जन्मदिन था। बुधवार की दोपहर गमगीन माहौल में अक्षित का अंतिम संस्कार किया गया।
कुत्ते हो रहे खूंखार, रोजाना आ रहे मामले
बड़ौत। नगर में कुत्ते खूंखार होते जा रहे है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बड़ौत सीएचसी पर ही प्रतिदिन 35 से 40 लोग एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाने आ रहे है। सीएचसी अधीक्षक डा विजय कुमार ने बताया कि पहले 20 से 25 लोग सीएचसी पर आते थे, लेकिन अब कुछ दिनों से कुत्ते काटने के केस बढ़े है।
पहले भी मोहल्ले में कई लोगों को काट चुका नीरज का कुत्ता
बड़ौत। आजादी नगर कालोनी गली नंबर आठ के रहने वाले लोगों के अनुसार नीरज का कुत्ता बहुत ही खूंखार है। हर समय नीरज भी अपने कुत्ते को खुला रखता है। पहले भी कई लोगों को नीरज का कुत्ता लोगों को अपना शिकार बना चुका है। इसकी शिकायत प्रशासनिक अफसरों से की गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी।