बड़ौत। आजाद नगर गली नंबर सात में अवैध कब्जे व रुके विकास कार्य शुरू कराए जाने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने तहसील पहुंचकर हंगामा-प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। तहसीलदार ने समझा-बुझाकर धरना समाप्त कराया। इस दौरान लोगों ने दो दिन में मांग पूरी नहीं होने पर तहसील मुख्यालय पर भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी।
डूडा ने आजाद नगर गली नंबर सात में सड़क निर्माण शुरू कराया था। कॉलोनी में कुछ लोगों ने गली में अवैध कब्जा कर रखा है। इससे विकास कार्य बीच में ही रुक गया है। बार-बार शिकायत करने पर बावजूद डूडा कार्रवाई करने के लिए तैयार नहीं है। बताया कि कॉलोनी में लगभग 350 परिवार रहते हैं। गली का निर्माण अधूरा रहने से जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। इससे यहां से गुजरने वाले व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप लगाया कि कॉलोनी में सात दिन तक धरना जारी रहा परंतु मौके पर डूडा विभाग व प्रशासनिक अधिकारी नहीं पहुंचे। तहसीलदार प्रदीप कुमार ने डूडा से बातचीत कर समस्या का हल कराए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग धरना समाप्त कर दो दिन के अंदर कार्रवाई न होने पर फिर से तहसील मुख्यालय पर भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी देकर लौट गए। यहां रामकुमार, आकाश, प्रमोद, काला बाबा, रवि पांचाल, मकसूद, बाबूराम मौर्य, रमेश चंद, राममेहर, वरुण तोमर, करण फौजी, विपिन तोमर, आत्माराम, कृष्ण पांचाल, मोनू, आशीष कश्यप आदि मौजूद रहे।