बड़ौत। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने देर रात्रि में एक गर्भवती विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला दिया। किसी तरह विवाहित अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। शनिवार को पीड़ित परिवार विवाहित को लेकर कोतवाली पहुंचा और सुसराल पक्ष के लोगों के खिलाफ तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।
पीड़ित परिवार ने बताया कि बेटी छवि की शादी 20 जून 2021 को अरुण निवासी रोशन विहार के नजफगढ़ थाना छावला नई दिल्ली के साथ हुई थी। इसमें करीब दस लाख रुपये का खर्च किया था। दहेज के रूप में दुल्हे के परिवार को सोने-चांदी के आभूषण तथा घर का सभी सामान भी दिया था। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने फिर से दहेज के रूप में चार लाख और बुलेट की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर पीड़ित के साथ लगातार मारपीट की जाने लगी।
बताया कि एक बार मायके वाले पक्ष के लोगों ने जा कर मामला सुलझाया, लेकिन उसके कुछ दिनों बाद फिर से उन्हें दहेज को लेकर छवि के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर छवि को करंट लगाकर मारने का भी प्रयास किया। इस समय पीड़ित तीन माह की गर्भवती है। विगत रात्रि में छवि को मारपीट कर घर से निकाल दिया। आरोप है कि अब ससुराल पक्ष के लोग धमकी दे रहे हैं यदि जल्द मांग पूरी नहीं हुई तो छवि को अपने घर पर ही रखना और उसे तलाक दे देंगे। सीओ आलोक कुमार ने तहरीर पर जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।