-कोतवाली पहुंचे अधिवक्ताओं ने जताई नाराजगी, पुलिस प्रशासन को दिया अल्टीमेटम
फोटो संख्या 5
बड़ौत। देवनगर कालोनी में गत माह मकान में घुसकर अधिवक्ता की हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। शनिवार को अधिवक्ता कोतवाली पहुंचे और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया। साथ ही गिरफ्तारी न होने पर एसपी कार्यालय पर धरना शुरू करने की चेतावनी दी।
उल्लेखनीय है कि गत सितंबर माह की 13 तारीख को देवनगर में रहने वाले अधिवक्ता ओमपाल सिंह अपने दोस्त सुभाष तोमर के साथ बैठकर बातचीत कर रहे थे, तभी अज्ञात युवक ने दरवाजा खुलवाया और उन्हें मारने के लिए तमंचा निकाला। अधिवक्ता ने बचाव किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट कर दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच के बाद सुभाष पुत्र टीकाराम निवासी सिनौली थाना छपरौली व विपिन कुमार पुत्र सुभाषचंद निवासी भाज्जू पट्टी बड़ासाथ थाना बाबरी, जनपद मुजफ्फरनगर हाल निवासी गगन बिहार दिल्ली को गिरफ्तार करजेल भेज दिया था। इस मामले में कई आरोपी फरार चल रहे हैं, लेकिन पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई। शनिवार को अधिवक्ता ओमपाल मान के साथ कोतवाली पहुंचे अधिवक्ताओं ने फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। इंस्पेक्टर देवेश कुमार सिंह ने बताया कि सुभाष ने अपने साले विपिन के साथ मिलकर ओमपाल सिंह मान की हत्या की योजना बनाई थी। विपिन ने अपने तीन दोस्तों से अधिवक्ता की हत्या करने के लिए कहा, जिसके बाद वह तैयार हो गए। अधिवक्ता की रैकी विपिन ने कार में की थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को बरामद कर लिया है। जल्द ही अन्य आरोपी भी पुलिस गिरफ्त में होंगे।