उत्तर प्रदेश के बागपत में चांदीनगर थानाक्षेत्र में सोमवार सुबह एक दो मंजिला मकान के गिरने से एक किशोर की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए। मकान गिरने से घर में बंधे पशु भी मलबे में दब गए, जिनमें दो पशुओं की भी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों की मदद से बचावकार्य कराते हुए किशोर को मलबे से निकालकर अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार चांदीनगर थानाक्षेत्र के खट्टा प्रहलादपुर गांव निवासी वीरेंद्र उर्फ काले अपने दो मंजिला मकान में रविवार रात को परिवार के साथ सोया हुआ था। रात्रि करीब साढ़े दस बजे मकान अचानक भरभराकर गिर गया।
इसमें उसका 16 वर्षीय पुत्र आर्यन और चार पशु मलबे में दब गये। मकान गिरने की जोरदार आवाज सुनकर पड़ोस के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दी।
यह भी पढ़ें: डेंगू का डंक : मेरठ मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में 24 कूलरों में मिला लार्वा, चार लाख घरों में बुखार से तपते मिले दो हजार से ज्यादा लोग
सूचना मिलते ही खेकड़ा सीओ युवराज सिंह व थाना प्रभारी सतेन्द्र सिंह सिद्धू मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर किशोर को मलबे से बाहर निकालकर बागपत जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं मकान गिरने से मलबे में दबकर दो पशुओं की भी मौत हो गई। हादसे में पीड़ित वीरेंद्र का लाखों रुपयों की कीमत का सामान दबकर नष्ट हो गया। वहीं किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस से पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की है।