बागपत जनपद के बड़ौत में बिजरौल रोड पर शनिवार दोपहर को जनता वैदिक इंटर कॉलेज के छात्र गुटों के बीच छात्रा से बातचीत करने को लेकर जमकर मारपीट हुई। छात्र गुटों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे व बेल्टों से हमला बोल दिया। जिससे वहां से गुजरने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
इस दौरान आसपास मौजूद दुकानदारों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले छात्रों की तलाश कर रही है।
बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाले छात्र गुट बावली व वाजिदपुर गांव के थे। नगर के एक कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा से बातचीत करने को लेकर एक छात्र गुट की दूसरे छात्र गुट से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते उनके बीच लात-घूंसे चलने लगे। एक गुट के छात्रों ने दूसरे गुट के छात्रों को घेरकर मारपीट की। छात्रों ने वहां से भागने का भी प्रयास किया, लेकिन दूसरे गुट के छात्रों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
यह भी पढ़ें: UP: राम रहीम के सुकून के पल, हनीप्रीत-परिवार संग पहुंचा बरनावा आश्रम,जानें इस बार क्यों खास है 40 दिन का पैरोल
मारपीट की यह घटना एक सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है, जो इस समय सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। वहां खड़े लोग तमाशबीन बन छात्रों को पीटता हुआ देखते रहे और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
यह भी पढ़ें: चर्चित तेजाब कांड: ननद-जेठानी एसिड अटैक में सानिया सहित चार को सजा, 1300 पन्नों की चार्जशीट से मिला इंसाफ
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आपस में लड़ रहे छात्र वहां से भाग निकले। सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि आसपास लगे कैमरों की मदद से मारपीट करने वाले छात्रों का पता लगाया जा जा रहा है।