बुखार से छात्रा की मौत
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद करने की मांग की
फोटो संख्या 1
बिनौली। बिनौली गांव में बुखार से कक्षा 11 की छात्रा की मौत हो गई। जिससे परिवार में कोहराम मच गया। उधर ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की है।
बिनौली निवासी मो. उमर ने बताया कि उसका पुत्र शराफत मेहनत मजदूरी के लिए सऊदी अरब गया हुआ है। शराफत की बेटी सानिया (16) गांव के ही सर्व हितकारी इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा थी। बीती छह जनवरी को किशोरी को बुखार आया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ती चली गई। इलाज के लिए सीएचसी बिनौली व बड़ौत के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नही हुआ। सानिया को मेरठ के सुभारती हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां पर रविवार की रात में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार के लोगों ने बताया कि किशोरी को वैक्सीन लग चुकी थी। ग्राम प्रधान के पति उपेंद्र धामा ने कहा कि छात्रा की मौत दुखद घटना है। इस संबंध में एक प्रतिनिधि मंडल स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर पीड़ित परिवार के दुख को बताएगा। मास्टर अमित धामा, मोहमद वेद खां, हाजी हमीद, मुस्तकीम, यामीन, रियाज, गुलाब सिंह, यूसुफ खुरशेद, सत्तार, अयूब आदि ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद करने की मांग की है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अतुल बंसल ने कहा कि बच्ची की बुखार से सामान्य मौत हुई है। टीकाकरण से कोई लेनादेना नहीं है।