बागपत जनपद में बड़ौत के बावली गांव में सोमवार को टंकी निर्माण का कार्य शुरू किए जाने को लेकर विशेष समुदाय के लोगों ने हंगामा किया। इस दौरान मजदूरों को वहां से भागते हुए काम को रुकवा दिया। उधर, सूचना पर ग्राम प्रधान व पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए हंगामा करने वाले लोगों को हटाया और काम शुरू कराया।
दरअसल, बावली गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए टंकी का निर्माण किया जाना है। इसी को लेकर सोमवार को जल निगम की टीम, तहसील से लेखपाल व कानूनगों को लेकर गांव में पहुंची और टंकी निर्माण का काम शुरू कर दिया। तभी विशेष समुदाय से काफी संख्या में लोग वहां पर पहुंचे और उक्त जगह को कब्रिस्तान की बताकर टंकी निर्माण का कार्य रुकवा दिया। वहीं, मजदूरों ने विरोध किया तो लोगों ने उन्हें धमकाते हुए वहां से भगा दिया। इसके बाद ग्राम प्रधान को सूचना दी गई।