जिला विद्यालय निरीक्षक ने दी परीक्षा की व्यवस्थाओं की जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। नगर के श्री यमुना इंटर कालेज में जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने प्रधानाचार्यों की बैठक में परीक्षाओं की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस बार कक्षा नौ के विद्यार्थी ओएमआर (आप्टिकल मार्क रीडर) शीट पर परीक्षा देंगे।
उन्होंने बताया कि अर्द्ध वार्षिक परीक्षा की प्रयोगात्मक परीक्षाएं नवंबर के दूसरे सप्ताह में और लिखित परीक्षा का तीसरे सप्ताह में होगी। दिसंबर माह के दूसरे सप्ताह तक अर्द्धवार्षिक परीक्षा के प्राप्तांक परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने होगे। सभी कक्षाओं में 15 जनवरी तक शिक्षण पूर्ण कराना होगा। 24 से 31 जनवरी तक 11वीं व 12 वीं की प्री बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं होगी। फरवरी माह के प्रथम सप्ताह में नौवीं व 11वीं की वार्षिक परीक्षा होगी। फरवरी के तीसरे सप्ताह में प्री बोर्ड की लिखित परीक्षा व नौवी व 11वीं की गृह परीक्षा के प्राप्तांक परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने होंगे। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यो को परीक्षा की तैयारी करने के निर्देश दिए।