बागपत। जिले में 11 अगस्त को सात केंद्रों पर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा शांतिपूर्ण और नकलविहीन कराने के लिए सोमवार को जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्र पर शिक्षक अथवा कर्मचारी के बच्चे की परीक्षा होने पर शिक्षक अथवा कर्मचारी की केंद्र से ड्यूटी हटाने के निर्देश दिए।
जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा के लिए विद्या मंदिर इंटर कॉलेज छपरौली, दिगंबर जैन इंटर कॉलेज बड़ौत, श्री यमुना इंटर कॉलेज बागपत, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बागपत, श्री नेहरू इंटर कॉलेज पिलाना, गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज खेकड़ा और जनता इंटर कॉलेज पलड़ी को परीक्षा केंद्र बनाया। इन केंद्रों पर 2938 परीक्षार्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा संबंधी तैयारी पूरी कराने के निर्देश दिए। परीक्षा से पूर्व परीक्षार्थियों की तलाशी और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी करने के लिए कहा। परीक्षा नकलविहीन व शांतिपूर्ण कराने के लिए केंद्रों पर पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बागपत को संकलन केंद्र बनाया। इसमें बीएसए राघवेंद्र सिंह, वित्त एवं लेखाधिकारी राजन जौहरी, जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रधानाचार्य अभिलाषा सिंह व अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।