फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर पंद्रह किमी में 150 से ज्यादा गड्ढे

विज्ञापन
विज्ञापन
बागपत/खेकड़ा। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे 709बी घोषित होने के बाद लोगों को उम्मीद जगी थी कि उन्हें गड्ढों वाली सडक़ से छुटकारा मिल जाएगा। हालांकि इसके बाद भी हालात नहीं सुधरे हैं। ईपीई (ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे) से लोनी के खजूरी पुश्ते तक 15 किमी में 150 से ज्यादा गड्ढे हैं। जिससे वाहन चालक व आसपास के गांवों के लोग काफी परेशान हैं। इन गड्ढों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
विज्ञापन

दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे से होकर ही जिले के लोग रोजाना नौकरी व कारोबार करने के लिए दिल्ली जाते हैं। इसके अतिरिक्त सिंघु बॉर्डर बंद होने के बाद से हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल, जम्मू कश्मीर तक के वाहन ईपीई से आकर नेशनल हाईवे से दिल्ली जा रहे हैं। इस तरह करीब 80 हजार वाहन रोजाना नेशनल हाईवे से गुजरते हैं। ईपीई से लोनी तक करीब 15 किमी की दूरी तय करना वाहन चालकों को भारी पड़ता है। इस पंद्रह किमी में सड़क़ की हालत बेहद खराब है। इसमें 150 से ज्यादा गड्ढे हैं। इस तरह लोगों के लिए यह बड़ी समस्या है और लोग इससे जूझ रहे हैं।
15 किमी की दूरी तय करने में लग रहे कई घंटे
नेशनल हाईवे में गड्ढे होने के कारण कई बार वाहन खराब हो जाते हैं। इससे वहां जाम लग जाता है। जिससे यह 15 किमी की दूरी तय करने में वाहन चालकों को कई घंटे लगते हैं। सामान्य स्थिति में भी एक घंटा लगना तय है। इससे वाहनों को नुकसान भी होता है तो ईंधन पर कई गुना ज्यादा खर्च करना पड़ता है।
विज्ञापन

गांवों के लोग धूल से भी परेशान
नेशनल हाईवे पर गड्ढे होने के कारण दिनभर धूल उड़ती रहती है। जिससे सडक़ किनारे सांकरौद, डूंडाहेड़ा, हसनपुर मंसूरी, नूरपुर, सुभानपुर आदि गांवों के लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती है। इन गांवों के लोग कई बार अधिकारियों के पास समस्या के समाधान के लिए चक्कर काट चुके हैं, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ है।
हाईवे को जल्द दुरुस्त कराएं
नेशनल हाईवे पर लोग आए दिन हादसे का शिकार हो रहे हैं। अधिकारियों की लापरवाही के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। सडक़ को जल्द ठीक कराया जाना चाहिए।-रुचि त्यागी, प्रधान डूंडाहेड़ा
भारी वाहनों से बदहाली
पंजाब, हरियाणा के भारी वाहन यहां से गुजर रहे हैं, जबकि इस सडक़ से पहले ही हल्के वाहन गुजरते थे। सड़क़ में गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। सडक़ जल्द ठीक करानी चाहिए।-गजेंद्र त्यागी, प्रधान सुभानपुर
जल्द समाधान कराएं
अधिकतर लोग दिल्ली व गाजियाबाद नौकरी करते हैं। रोजाना खेकड़ा से लोनी का सफर करना बेहद खराब अनुभव है। इस समस्या का जल्द समाधान होना चाहिए।-दीपक कुमार, प्रधान मवीकलां
धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
यदि हाईवे को शासन-प्रशासन द्वारा दुरुस्त नहीं कराया जाता है तो ग्राम पंचायत संगठन जल्द रणनीति बनाकर धरना प्रदर्शन करेगा। यह बड़ी समस्या है। इससे एक लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं।-राजीव यादव, प्रधान हसनपुर मंसूरी
सड़क में गड्ढे काफी हो गए हैं, यह जानकारी में आया है। इस समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा। इसके लिए कार्य शुरू कराने की तैयारी है।-अरविंद कुमार, परियोजना निदेशक एनएचएआई
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें