बड़ौत (बागपत)। ढ़िकाना गांव में रविवार रात नौकर अपने मालिक के दस वर्षीय बच्चे को अगवा कर ले गया। काफी ढूंढने के बाद भी बच्चा नहीं मिला तो परिजनों ने नौकर के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया। वहीं, कोतवाली पुलिस ने करीब दस घंटे के भीतर ही नगर के दिल्ली बस स्टैंड से नौकर को गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया तथा आरोपी को जेल भिजवा दिया।
आरोपी राजू उर्फ राजन पुत्र बूचनू निवासी मोहल्ला परसोवा मिल्कीपुर अजरौली थाना धूमलिया जनपद अयोध्या निवासी है। वह ढ़िकाना गांव निवासी हरवीर पुत्र रणधीर सिंह के यहां कोल्हू में काम करता था। बताया कि रविवार देर रात हरवीर का दस वर्षीय पुत्र सोहित लापता हो गया। इस दौरान जानकारी मिली कि नौकर राजू भी लापता है। इसके बाद दोनों की तलाश की गई परंतु उनका सुराग नहीं लग सका। पीड़ित हरवीर ने ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुंचकर नौकर के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस दोनों की तलाश में लग गई। सोमवार को मुखबिर ने सूचना दी कि एक युवक दस वर्षीय बच्चे को लेकर दिल्ली बस स्टैंड पर खड़ा है। कोतवाली पुलिस ने नौकर राजू को धर दबोचा तथा सोहित को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद आरोपी को जेल भिजवा दिया।
बच्चे को घूमाने लाया था
पूछताछ के दौरान नौकर राजू ने बताया कि सोहित काफी दिन से कहीं बाहर घूमने की जिद कर रहा था। परिजन बार-बार मना कर रहे थे। सोहित ने उससे जिद की तो परिजनों को बिना बताए घूूमाने के लिए ले आया था। घर से आने के बाद दोनों नगर के एक होटल में ठहरे। सोमवार को बच्चे को पटियाला घूमाने का कार्यक्रम था। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
सकुशल बरामद किया
कोतवाल मगनवीर सिंह गिल ने बताया कि ढ़िकाना निवासी हरवीर की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। सोमवार को दोनों को दिल्ली बस स्टैंड से पकड़ा। आरोपी को न्यायालय में पेश करके जेल भिजवा दिया है।