कक्ष और सीटें कम पड़ीं तो एन वक्त पर इंटर कॉलेज में बनाया विवि परीक्षा का केंद्र
बड़ौत (बागपत)। अव्यवस्थाओं के बीच विवि की परीक्षा हो रही है। शुक्रवार दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज को बीए अंतिम वर्ष और एमए प्रथम वर्ष 1425 छात्रों का परीक्षा केंद्र बना दिया, जबकि यहां के 30 कक्षों में 1100 छात्रों के ही बैठने की व्यवस्था थी। ऐसे में संकट खड़ा हो गया कि बाकी छात्रों को कहां परीक्षा दिलाए। ऐन वक्त पर दिगंबर जैन इंटर कॉलेज में परीक्षा केंद्र बनाया गया और वहां छात्रों की परीक्षा कराई। अचानक केंद्र बदलने जाने से परीक्षार्थियों को कक्ष तलाशने में भी मशक्कत हुई।
दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज में पांच अन्य कॉलेजों का भी परीक्षा केंद्र बनाया गया था और शुक्रवार को बीए राजनीतिक शास्त्र और एमए हिंदी, अर्थशास्त्र और संस्कृत की परीक्षा थी। शुक्रवार सुबह अचानक कॉलेज की क्षमता से अधिक परीक्षार्थियों के पहुंच जाने से अफरातफरी से मच गई। कक्ष और सीटें कम पड़ गईं। कॉलेज का कहना है कि विवि ने बृहस्पतिवार को ही छात्रों को सूची भेजी। कॉलेज प्राचार्य डॉ वीरेंद्र सिंह ने दिगंबर इंटर कॉलेज में परीक्षा दिलवाने के लिए वहां के प्रधानाचार्य से बात की और उसके बाद विवि से अनुमति मांगी। इसके बाद इंटर कॉलेज के 12 कक्ष खुलवाकर परीक्षा दिलाई गई।
नहीं चले पंखे, पसीने से तरबतर रहे परीक्षार्थी
इंटर कॉलेज में परीक्षार्थी परीक्षा देने तो बैठ गए, बिजली नहीं थी, जिसके चलते पंखे नहीं चले। प्रकाश की भी व्यवस्था नहीं थी। पसीने से तरबतर छात्र परीक्षा देते रहे। डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डाक्टर वीरेंद्र सिंह का कहना है कि इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य से अनुमति लेने और विवि की सहमति के बाद परीक्षा कराई गई। जेनरेटर चलाने में देरी हुई, जिसके कारण पंखे देर से चले।
-पहले से शेड्यूल्ड जारी किया जाता है। सभी केंद्र अधीक्षकों को छात्रों की संख्या पता रहती है, पहले व्यवस्था की जानी चाहिए। डॉक्टर अश्वनी शर्मा, परीक्षा नियंत्रक, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय
-बृहस्पतिवार को छात्रों की संख्या मिली। 1425 छात्र परीक्षा दे रहे थे, कॉलेज के 30 कमरों में 1100 छात्रों की परीक्षा दिलाई गई, बाकी की परीक्षा इंटर कॉलेज में कराई गई। डाक्टर वीरेंद्र सिंह, प्राचार्य दिगंबर जैन डिग्री कालेज