- होलिका दहन स्थलों पर पुलिस तैनात रहेगी, हुड़दंग करने वाले जेल जाएंगे
- शराब पीकर वाहन दौड़ाने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा, पुलिस की गश्त बढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जनपद में 500 से ज्यादा जगहों पर बृहस्पतिवार को होलिका दहन किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस तैनात रहेगी। पुलिस दो दिन तक हर वाहन की चेकिंग करेगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा तो होली पर हुड़दंग करने वाले भी जेल जाएंगे। गुफा वाले बाबा के मंदिर पर बृहस्पतिवार से मेला लगेगा, जिससे नेशनल हाईवे पर रूट डायवर्ट किया गया है।
बागपत क्षेत्र में करीब 45 जगहों पर होलिका दहन होगा। बड़ौत क्षेत्र में 103 जगहों पर होलिका दहन किया जाएगा। इस तरह ही दोघट क्षेत्र में 31, बिनौली क्षेत्र में करीब 100, चांदीनगर क्षेत्र में 36, छपरौली क्षेत्र में 33, खेकड़ा क्षेत्र में 63, सिंघावली अहीर क्षेत्र में 62, बालैनी में 34 जगहों पर होलिका दहन किया जाएगा। एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि इन सभी होलिका दहन स्थलों का पुलिस ने निरीक्षण कर लिया है और इन जगहों पर बृहस्पतिवार को पुलिस तैनात रहेगी ताकि किसी तरह का कोई विवाद नहीं हो सके। इसके साथ ही डायर-112 के रूट तय किए गए है और वह लगातार गश्त करते रहेंगे।
होली पर हुड़दंग करने वाले जाएंगे जेल
एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि कुछ लोग शराब पीकर बाइकों को दौड़ाते है। ऐसे लोगों पर नियमित चेकिंग कराकर शिकंजा कसा जाएगा। इसके अलावा होली पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों को पकड़कर जेल भेजा जाएगा। ठेकों की नियमित चेकिंग की जाएगी।
रमाला में कई दशकों से नहीं होता होलिका दहन
रमाला गांव में कई दशकों से होली का दहन नहीं होता है। ग्राम प्रधान संजित ने बताया कि गांव में होली दहन करते वक्त घोड़ी जल कर मर गई थी। तब से गांव में होली का दहन नहीं होता। उसके अगले दिन होली जरूर लोग खेलते है।
गुफा मंदिर पर आज से शुरू होगा मेला, रूट डायवर्ट किया
नेशनल हाईवे के किनारे गुफा वाले बाबा के मंदिर पर बृहस्पतिवार से होली के कारण मेला लगेगा। इससे जाम की स्थिति बन जाती है, जिसे देखते हुए ही पुलिस ने रूट डायवर्ट किया है। एसपी ने बताया कि हरियाणा की तरफ से बड़ौत व शामली जाने वाले भारी वाहनों को गौरीपुर मोड़ से राष्ट्र वंदना चौक होते हुए अमीनगर सराय से बड़ौत निकाला जाएगा। दिल्ली की तरफ से बड़ौत जाने वाले भारी वाहनों को बागपत बाईपास से महिला थाने के आगे से होते हुए अमीनगर सराय से बड़ौत भेजा जाएगा। इस तरह ही बड़ौत से बागपत की तरफ आने वाले वाहनों को अमीनगर सराय होते हुए बागपत भेजा जाएगा।