चांदीनगर। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को रटौल में स्वास्थ्य कैंप लगाकर लोगों की जांच कर दवाई वितरित की। शिविर में 57 मरीजों ने जांच कराई। कैंप में टीम ने 15 लोगों की कोरोना, डेंगू व मलेरिया की जांच के लिए सैंपल लिए।
रटौल में बुखार से एक युवक की मौत हो गई थी और गांव के 15 लोग बुखार से पीड़ित चल रहे थे। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम से गांव में कैंप लगाकर लोगों की जांच कराने की मांग की थी। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इस्लाम के आवास पर शिविर लगाकर लोगों की जांच कर दवाई वितरित की। खेकड़ा सीएचसी अधीक्षक डॉ. ताहिर ने लोगों से स्वास्थ्य के बारें में जानकारी ली। उन्होंने लोगों को कोरोना गाइड लाइन का पालन करने व संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। टीम ने कैंप में 57 लोगों की जांच कर दवाई दी। 15 लोगों के कोरोना, मलेरिया , डेंगू व टायफाइड की जांच के लिए नमूने लिए। डॉ ताहिर ने बताया कि कैंप में उपचार कराने आए अधिकांश मरीज चर्म रोग के मिले। कैंप में खेकड़ा सीएचसी अधीक्षक डॉ. ताहिर के अलावा डा.ॅ मीनू, डॉ. नीटू, सुरेश व आशा ने लोगों की जांच की।