एसपी साहब से ऑर्डर तो करा दिए, लेकिन थाना पुलिस नहीं करती कार्रवाई
बागपत। जिले के एसपी ने भले ही थाना प्रभारियों को थाना स्तर पर समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए हुए हों। लेकिन इसके बाद भी थानों पर समस्याएं नहीं सुनी जा रही हैं। पहले तो रिपोर्ट दर्ज नहीं होती, अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद रिपोर्ट दर्ज होती भी है तो कार्रवाई नहीं की जाती है। हालात ये हैं कि फरियादी 25-50 चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।
मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप
जोनमाना गांव की बाला के बेटे नरेंद्र व भतीजे दिनेश ने बताया 10 जून को लिंटर को लेकर पड़ोसियों से मारपीट हो गई थी। इस रंजिश में चार जुलाई को नरेंद्र के पिता सोमपाल को गोली मार दी गई। बड़ौत पुलिस ने नहीं सुनी तो एसपी के आदेश पर मुकदमा हुआ। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बाला अपने बेटे नरेंद्र और भतीजे दिनेश के साथ बड़ौत थाने पर 25 बार और एसपी कार्यालय पर 9 बार चक्कर काट चुकी है। इसके बावजूद बोहला चौकी पुलिस मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रही है।
पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई
सांकरौद गांव के सुभाष ने बताया कि उसके खाते से बैंक मित्र ने 12510 रुपये निकाल लिए थे। उसने रुपये मांगे तो धमकी दी गई। बैंक अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। थाने पर शिकायत की गई तो पुलिस ने उसे भगा दिया। एसपी कार्यालय में शिकायत देने पर साइबर सेल से जांच कराई गई। शिकायत सही मिलने पर 25 जुलाई को मुकदमा दर्ज किया गया। अब वह आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाने के 12 चक्कर काट चुका है, पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।
महिला उत्पीड़न तक में कार्रवाई नहीं
दरकावदा के जब्बार ने बताया कि उसके पिता ने अपने गांव का पुश्तैनी मकान उसे दिया था। आरोप है कि उसे गांव में जाने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है। वह एक दिन गांव गया तो उस पर हमला कर दिया गया। शिकायत करने पर भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। इस तरह ही छपरौली थानाक्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। लेकिन पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है।
मेरे पास रोजाना 50 से ज्यादा फरियादी आते हैं। लेकिन उनकी समस्या सुनकर समाधान करने के निर्देश पुलिस को दिए जाते हैं। मैंने सभी थाना प्रभारियों को साफ कहा हुआ है कि सभी की समस्याओं का थाना स्तर पर निस्तारण किया जाए। थाना प्रभारियों की मंगलवार को क्राइम मीटिंग लेकर सख्त निर्देश दिए जाएंगे। उसके बाद भी किसी की सुनवाई नहीं होती है, तो कार्रवाई की जाएगी।
- नीरज कुमार जादौन, एसपी
बागपत एसपी कार्यालय पर एसपी के इंतजार में बैठी महिला- फोटो : BAGHPAT
बागपत एसपी से शिकायत करने जाता जोनमाना गांव निवासी नरेन्द्र कुमार व दिनेश- फोटो : BAGHPAT
बागपत एसपी से शिकायत करने जाता सांकरौदा गांव निवासी सुभाष- फोटो : BAGHPAT
बागपत एसपी कार्यालय पर शिकायत के लिए लगी फरियादियों की भीड़- फोटो : BAGHPAT