चांदीनगर/बागपत/खेकड़ा। मुबारिकपुर-ढिक़ौली मार्ग स्थित ईख में एक युवती का शव पड़ा मिला। उसके गले पर चोट के निशान थे। जिससे उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किसान मंगलवार दोपहर अपने खेतों में काम कर रहे थे। मुबारिकपुर के विजय पुत्र नंदकिशोर की ईख में एक युवती का शव पड़ा मिला। शरीर पर पीला सूट, पीला दुपट्टा, नारंगी रंग की सलवार तथा गले में तुलसी की माला थी। किसानों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। इस पर वहां काफी भीड़ एकत्र हो गई। वहीं, पुलिस के साथ सीओ खेकड़ा युवराज सिंह भी पहुंचे। युवती के बारे में आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। इसके बाद भी शव की शनाख्त हो सकी। युवती की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। उसके गले पर चोट के निशान को देखते हुए उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सीओ युवराज सिह का कहना है कि खेत के पास गाड़ी के टायर के निशान देखकर लग रहा है कि युवती की हत्या कर शव को यहां डाल दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
युवती खरखौदा क्षेत्र के गांव बदौली निवासी
खेकड़ा सीओ युवराज सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतका के फोटो शनाख्त के लिए सोशल मीडिया पर वायरल किए थे। इस पर खरखौदा थाना क्षेत्र के ग्राम बदौली निवासी मुनेंद्र त्यागी ने फोटो देखकर परिजनों के साथ खेकड़ा पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने शव की शनाख्त पुत्री अंजलि के रूप में की। उन्होंने बताया कि अंजलि सोमवार अपराह्न करीब तीन बजे लापता हो गई थी। उन्होंने तलाश किया परंतु जानकारी नहीं मिली। इस पर उन्होंने मंगलवार सुबह गुमशुदगी दर्ज करा दी। अंजलि की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वे पोस्टमार्टम हाउस बागपत पहुंच गए।