युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार करा रही है देशभर में आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की ओर से आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। देश में फिट इंडिया फ्रीडम रन का देशव्यापी आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ 13 अगस्त को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर एवं खेल एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री (स्वतंत्र प्रभार ) निसित प्रमाणिक संयुक्त रूप से करेंगे।
नेहरू युवा केंद्र के जिला समन्वयक अरुण तिवारी ने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाने वाले 75 ऐतिहासिक जिलों के 75 ऐतिहासिक स्थलों से नेहरू युवा केंद्र संगठन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक विडियो लिंक के माध्यम से जुड़ेंगे। कार्यक्रम में आईटीबीपी, बीएसएफ, एनवाईकेएस, एनएसएस, एनसीसी, भारत स्काउट एंड गाइड भाग लेंगे।
फिट इंडिया फ्रीडम रन कार्यक्रम के अंतर्गत 13 अगस्त से 02 अक्टूबर तक देश के 744 जिलों में प्रत्येक जिले से 75 गांवों का चयन किया जायेगा। इसमें गांव के युवाओं, समाजसेवियों, गैर सरकारी संगठनों एवं आम जनमानस की प्रतिभागिता से 5 किमी फ्रीडम रन का आयोजन किया जायेगा । कार्यक्रम के दौरान शपथ, सामूहिक राष्ट्रगान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जायेगा। जिले में 04 सितंबर को कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। ग्रामीण स्तर पर 13 अगस्त से 02 अक्टूबर और जिला स्तरीय फिट इंडिया फ्रीडम रन चार सितंबर को कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए नेहरू युवा केंद्र, एनएसएस, खेल विभाग और युवा कल्याण विभाग की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।