- मोहल्ला खटीकान में रहने वाले युवक ने एक साल पहले ही किया था प्रेम विवाह, अब चल रहा था विवाद
- मृतका के परिजनों ने बच्ची को जन्म देने और दहेज के लिए हत्या करने का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। पुराने कस्बे में मोहल्ला खटीकान में बृहस्पतिवार सुबह एक विवाहिता का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। उसने एक साल पहले ही प्रेम विवाह किया था और पति के साथ कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर पर पहुंचे मृतका के परिजनों ने आठ ससुराल वालों पर बेटी को जन्म देने और दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पति सहित तीन को गिरफ्तार कर लिया है।
पुराने कस्बे के मोहल्ला खटीकान में बृहस्पतिवार सुबह विवाहिता ज्योति का शव घर में फंदे पर लटका मिला। इसकी सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सूचना पर मृतका के मायके वाले भी पहुंच गए। परिजनों ने मुकदमा दर्ज कराया कि उनकी बेटी ज्योति उर्फ संतोष की शादी जुलाई 2020 में बागपत के पुराना कस्बा निवासी विपिन पुत्र प्रहलाद के साथ हुई थी। चार अप्रैल को ज्योति ने एक बेटी को जन्म दिया। इस कारण ससुराल वालों ने उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। आरोप है कि अब ससुराल वाले दहेज में चार लाख रुपये और कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर बुधवार रात को ज्योति की ससुराल वालों ने फंदा लगाकर हत्या कर दी। इस मामले में पति विपिन, जेठ रमन चौहान, जेठानी सीमा उर्फ वंदना, अर्जुन, पिंकी, सचिन, प्रेमवती के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी विपिन, प्रहलाद व सास प्रेमवती को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जिनको जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर अजय शर्मा का कहना है कि तीनों आरोपी जेल भेज दिए गए है। अन्य आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा।
युवती ने किया था प्रेम विवाह
ज्योति ने एक साल पहले अपने परिजनों की मर्जी के खिलाफ दूसरी जाति के युवक के साथ प्रेम विवाह कर लिया था। इसे लेकर परिवार वाले भी खुश नहीं थे। दंपत्ती के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के बीच पिछले कई दिनों से पंचायतें भी चल रही थी। उसके बाद भी विवाद का समाधान नहीं हो सका था।