अब केस पर पैरवी के लिए आने वाले गवाहों को डरने की जरूरत नहीं है। शासन ने साक्षी की सुरक्षा के लिए पीला कार्ड जारी कर दिया है। इस कार्ड के आधार पर कोर्ट में तारीख पर जाते समय गवाहों को पुलिस सुरक्षा मिलेगी। इसके लिए डीजीसी के कार्यालय में आवेदन करना होगा। शुक्रवार को तेड़ा गांव के सुनील को येलो कार्ड जारी किया।
कोर्ट में तारीख पर जाते समय गवाहों के साथ मारपीट होती रहती थी। कई गवाहों तो विपक्षियों के डर से कोर्ट में गवाही के लिए ही नहीं जा पाते थे। इसको शासन ने गंभीरता से लिया। गवाहों की सुरक्षा के लिए पुलिस की व्यवस्था की गई। अब गवाहों को डरने की जरूरत नहीं है। अब उनकी सुरक्षा पुलिस करेंगी।
डीजीसी सुनील पंवार और एडीजीसी अनुज ढाका ने बताया पुलिस महानिदेशक अभियोजन की ओर से जारी कार्ड उस साक्षी को दिए जा रहे है, जिन्हें न्यायालय में संवेदनशील आपराधिक मुकदमों में साक्ष्य प्रस्तुत करना है। साक्षी को येलो कार्ड दिखाने पर पुलिस सुरक्षा मिलेगी। चाहे वह प्रदेश में कहीं पर भी हो। यह कार्ड साक्षी के मुकदमे की नियत तिथि में साक्ष्य होने तक ही प्रभावी रहेगा।
येलो कार्ड साक्षी, जिला शासकीय अधिवक्ता / वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी कार्यालय बागपत से प्राप्त कर सकता है। पहला कार्ड सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के तेड़ा गांव के सुनील कुमार को शुक्रवार को डीजीसी सुनील पंवार, वरिष्ट अभियोजन अधिकारी एसके सिंह ने दिया। एडीजीसी अनुज ढाका, सुरेंद्र यादव, एसपीओ एचएस यादव व अल्तमश अहमद रहे।