दोघट। 50 हजार रुपये के इनामी रहे मोनू जाट को कोर्ट में तलब कराने के लिए दोघट पुलिस ने सोनीपत जेल में बी-वारंट दाखिल कर दिया है। साथ ही मोनू के साथियों को पकड़ने के लिए पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। पुलिस को अभी तक सफलता नहीं मिली है।
मेरठ के रोहटा निवासी मोनू जाट और टीकरी कस्बे के नितिन राठी 30 सितंबर की रात सोनीपत में पकड़े गए है। इससे क्षेत्र के काफी लोगों को तो राहत की सांस मिली है।
बागपत पुलिस सोनीपत में उससे पूछताछ करने के लिए गई थी। लेकिन ज्यादा जानकारी नहीं जुटा पाई। पूछताछ करने के लिए पुलिस उसको पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने की भी तैयारी कर रही है। ताकि मोनू के साथी और शरणदाता बेनकाब हो सके। हालांकि पुलिस ने कोर्ट से मोनू का बी-वारंट बनवाया है।
शनिवार को उसको सोनीपत जेल में दाखिल किया। अब सोनीपत पुलिस मोनू को कोर्ट में पेश करेंगी। उसके बाद बागपत पुलिस आगे की कार्रवाई करेंगी। इसके अलावा पुलिस को मोनू के जिन साथियों और शरणदाताओं का पता है, उन तक पहुंचने के लिए पुलिस ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।
दोघट थाना प्रभारी चितवन का कहना है कि मोनू का बी-वारंट सोनीपत जेल में दाखिल कर दिया गया है। मोनू के साथी कपिल गुराना और रोहटा निवासी शेखर को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अभी सफलता नहीं मिली है।