बावली गांव की बच्ची, जिसकी अंगुली काटी गई।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बावली गांव में रंजिश के चलते ढाई साल की बच्ची के दोनों हाथों की चार अंगुली काट दी। इस वारदात को देख और सुनकर लोग दहल गए। पुलिस ने घायल बच्ची को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया। इस संबंध में बच्ची के पिता ने महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी।
ढाई वर्षीय अलसू पुत्री गुड्डू बावली गांव की रहने वाली है। गुड्डू की अपने ही परिवार के लोगों से रंजिश चल रही है। इसके चलते बुधवार को खेलते समय आरोपी बच्ची को उठाकर अपने मकान में ले गए और वहां उसके दोनों हाथों की अंगुलियां काट दी।
बच्ची की चीख सुनकर परिजन जब उधर दौड़े तो हमलावर भाग निकले। लहूलुहान हालत में बच्ची को लेकर परिजन कोतवाली में पहुंचे और घायल के पिता गुड्डू ने महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी।
पुलिस ने घायल बच्ची को सीएचसी में भर्ती कराया है। वहां के चिकित्सकों ने घायल को जिला अस्पताल रेफर किया। चिकित्सकों के अनुसार आरोपियों ने बच्ची के दोनों हाथ की दो दो अंगुली काटी हैं। बावली गांव में हुई इस वारदात को देखकर और सुनकर लोग हैरान हो गए। क्षुब्ध लोगों ने कहा रंजिश पिता से थी, इसमें बच्ची का क्या दोष था। पुलिस ने तहरीर लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं, लेकिन आरोपी घर छोड़कर भाग गए हैं।