बागपत में बड़ौत के बिजवाड़ा गांव के जंगल में ईंट-भट्ठे पर रेत की ट्राॅली उतारकर अपने घर आ रहे फतेहपुर पुट्ठी के एक युवक की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक के पिता ने थाने पर अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
फतेहपुर पुट्ठी गांव निवासी राहुल (30) पुत्र प्रेमपाल ट्रैक्टर-ट्राॅली से ईंट-भट्ठे पर रेत (मिट्टी) डालता था। मंगलवार की रात्रि वह बिजवाड़ा के जंगल में स्थित राकेश फौजी के ईंट-भट्टे पर रेत डालकर आ रहा था। जब वह बड़ौत-अमीनगर सराय मार्ग पर स्थित अभिषेक कटारिया मेमोरियल स्कूल से अपने गांव की ओर करीब दो किलोमीटर आगे पहुंचा तो अज्ञात लोगों ने उस पर फायरिंग कर दी। राहुल पेट, सीने व हाथ में तीन गोली लगने से लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। हमलावर उसे मृत समझकर फरार हो गए।