बागपत। विद्युत निगम की टीम ने पाली गांव में चेकिंग के दौरान कनेक्शन काटने के बावजूद बिजली चोरी करते 12 लोगों को पकड़ा, इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। साथ ही शहर में चेकिंग के दौरान 12 बकायेदारों के कनेक्शन काटे और 2.10 लाख रुपये की वसूली की।
बकायेदार और बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत निगम का सघन चेकिंग अभियान चल रहा है। सोमवार को विद्युत निगम की टीम पाली गांव पहुंची। उन लोगों की चेकिंग की गई, जिनके बकाया होने के बाद कनेक्शन काटे गए थे। टीम ने ऐसे 12 लोगों को पकड़ा, जिनके घरों में लाइट जलती मिली। एसडीओ विकल्प महेश ने बताया कि साबिर, संदीप, ओमसिंह, विनोद, देवेंद्र, बलराम, शाहिद, करतार, राजू, अरविंद, प्रवेश और राकेश के यहां नियम विरुद्ध बिजली जलती मिली, जिनके खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। बागपत शहर की माता कालोनी में चेकिंग अभियान चलाकर 12 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए। साथ ही 2.10 लाख रुपये की वसूली की गई है।