बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर पाली गांव के पास रोडवेज बस में लूटपाट का प्रयास किया। पिकअप गाड़ी सवार बदमाशों ने बस के शीशे तोड़ दिए। चालक ने बस को कोतवाली पहुंचा। पुलिस ने बदमाशों की तलाश, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। परिचालक ने कोतवाली में तहरीर दी।
मेरठ जनपद सरूरपुर निवासी संजय कुमार ने बताया कि वह लोनी डिपो की रोडवेज बस में परिचालक है और दीपक कुमार बस का चालक है। उसने बताया कि रोडवेज बस बुधवार की रात में लोनी से बड़ौत के लिए रवाना हुई । इस दौरान पिकअप गाड़ी में सवार कुछ बदमाशों ने बस का पीछा करना शुरू कर दिया। कई बार बदमाशों ने चलती बस के सामने गाड़ी खड़ी कर रोकने की कोशिश की। रास्ते में कई बार गाड़ी को ओवर टेक करते रहे, लेकिन बस चालक कुछ समझ नहीं पाया। दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर पाली बस स्टैंड के पास जैसे ही बस सवारियों को उतारने के लिए रुकी तो बदमाशों ने गाड़ी को बस के सामने खड़ा कर दिया। इसके बाद तीन बदमाश हाथों में डंडे लेकर बस की ओर चले और बस में तोड़फोड़ शुरू कर दी। यात्रियों के शोर मचाने पर चालक ने बस को हाइवे पर दौड़ा दिया और सीधा कोतवाली बागपत लेकर पहुंचा। चालक, परिचालक समेत यात्रियों ने कोतवाली में हंगामा किया। बस परिचालक का आरोप है कि बदमाशों ने बस में लूटपाट का प्रयास करने का प्रयास किया। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं लग सके। परिचालक ने कोतवाली में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।