बागपत। शहर के कोर्ट रोड पर अधिवक्ताओं के दो पक्षों में झगड़ा हुआ। एक अधिवक्ता ने गला दबाकर मारने के प्रयास का आरोप लगाया वहीं दूसरे ने गाली-गलौज कर मारपीट करने का। उनकी तहरीर पर एक-दूसरे के खिलाफ एनसीआर दर्ज हुई है।
बागपत निवासी अधिवक्ता कौटिल्य शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार शाम करीब नौ बजे होटल से खाना लेकर घर जा रहा था। जैसे ही पुराने कोर्ट रोड पर स्थित गली नंबर तीन के पास पहुंचा तभी एक अधिवक्ता आलोक शर्मा उसको बुलाकर अपने घर में ले गया। वहां पर बली गांव के अधिवक्ता प्रदीप नंदा और दो अन्य लोग बैठे थे। आरोपियों ने गाली-गलौज कर उस पर जानलेवा हमला किया। उसको गला दबाकर मारने का प्रयास किया। उसने किसी तरह अपनी जान बचाई। उसकी तहरीर पर आरोपी एडवोकेट आलोक शर्मा और प्रदीप नंदा, एक अधिवक्ता के मुंशी (लिपिक) सुरेश शर्मा और एक अज्ञात के खिलाफ एनसीआर दर्ज हुई। वहीं आलोक शर्मा ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वकील कौटिल्य शर्मा ने उनके साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। शोर शराबा होने पर पहुंचे अधिवक्ता प्रदीप नंदा और मुंशी सुरेश के साथ भी आरोपी ने गाली-गलौज की। उसकी तहरीर पर आरोपी अधिवक्ता कौटिल्य शर्मा के खिलाफ एनसीआर दर्ज हुई। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।