आरओ प्लांट मालिक से लूट करने वाला गिरफ्तार
बागपत। बड़ौत कोतवाली पुलिस ने शातिर लुटेरे को गिरफ्तार कर तीन दिन पहले आरओ प्लांट मालिक से हुई लूट का घटना का खुलासा किया। लुटेरे के कब्जे से बाइक, तमंचा व लूटे गए रुपये बरामद किए। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से उसे जेल भेेज दिया।
एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि 30 अप्रैल को बड़ौत की वसंत विहार कालोनी में स्थित पारस नाथ आरओ प्लांट में घुसकर दो बदमाशों ने ऋषभ जैन निवासी आर्यनगर बड़ौत से नगदी और मोबाइल लूट लिए थे। बृहस्पतिवार को बड़ौत पुलिस ने नागेश्वर मंदिर बिजरौल रजबाहे की पटरी से वरुण निवासी बुढ़ाना मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, कारतूस, मोबाइल, 350 रूपये की नगदी बरामद हुई। आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि आरओ प्लांट मालिक ऋषभ जैन से मोबाइल और 350 रुपये लूटे थे। एफआईआर में 1.10 लाख रुपये पुलिस पर मोबाइल की बरामदगी का दबाव बनाने के लिए दर्शाए गए थे। वहीं, आरोपी शौक पूरा करने के लिए लूट की घटनाओं को अंजाम देता रहा है।
वह वर्ष 2014 से लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। उसने अपने साथी का नाम भी पुलिस को बता दिया है। एसपी ने बताया कि वादी ने लिखित में दिया है कि उससे 350 रुपये और मोबाइल ही लूटा गया था। लूट में 1.10 लाख रुपये गलत दर्शाए गए थे। आरोपी के कब्जे से बरामद बाइक दिल्ली से चोरी की गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
-----------------
महिला चिकित्सक केे बेटे का किया था अपहरण
बागपत। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने वर्ष 2018 में बड़ौत में फिरोती के लिए एक महिला चिकित्सक के बेटे का अपहरण भी किया था। जिसमेें वह जेल गया था। उस पर लूट, चोरी, जानलेवा हमला, अपहरण के आठ मुकदमे दर्ज है।