पिलाना/अमीनगर सराय (बागपत)। कपड़ा व्यापारी अयूब की कैड़वा के जंगल में गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस 30 घंटे बाद भी खाली हाथ है। पुलिस हत्यारों को पकड़ना तो दूर अभी तक घटना के कारण का भी पता नहीं लगा पाई है। संदेह के आधार पर कई लोगों को थाने पर लाकर पूछताछ कर रही है। ग्रामीणों ने पंचायत कर कहा यदि पुलिस ने पांच दिन में केस का खुलासा नहीं किया तो आंदोलन होगा।
बालैनी क्षेत्र के दौलतपुर गांव के अयूब शुक्रवार शाम कपड़े बेचकर बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। बड़ौत- अमीनगर सराय मार्ग पर कैड़वा गांव के जंगल में उनकी दो गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गुस्साए लोगों ने शव को बागपत-मेरठ मार्ग पर सराय मोड़ पर रखकर जाम लगा दिया था। पुलिस अफसरों ने केस का जल्द ही खुलासा करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद जाम खुला था। घटना के 30 घंटे बाद भी पुलिस हत्यारों का पता नहीं लगा पाई है। इतना जरूर है कि पुलिस तीन-चार संदिग्ध लोगों को थाने पर लाकर पूछताछ कर रही है।
उधर, शव को सुपुर्द-ए-खाक करने के बाद ग्रामीणों ने पंचायत की । इसमें वक्ताओं ने कहा घटना बेहद गंभीर है। पुलिस अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। पंचों ने पुलिस को पांच दिन का समय दिया। अल्टीमेटम दिया निर्धारित समय में केस का खुलासा नहीं हुआ तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन होगा। इसके लिए हाईवे जाम करने के लिए बाध्य होंगे। सिंघावली अहीर थाना प्रभारी तेजेंद्र पाल सिंह ने कहा केस के खुलासे के प्रयास किए जा रहे है। दूसरी तरफ थाना इंचार्ज ने दौलतपुर गांव में पहुंचकर पीड़ित परिवार को जल्द ही हत्या करने वालों को पकड़ने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया है। इस दौरान उन्होंने परिजनों से जानकारी भी ली।