लुहारी गांव के ग्रामीणों ने डीएम को दिया शिकायती पत्र
आरोप, चौधरी साहब का होर्डिंग हटाकर लगा सांसद का
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। लुहारी गांव मेें पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह का होर्डिंग हटा कर सांसद का लगाने पर विवाद हो गया है। ग्रामीणों ने बुधवार को डीएम को शिकायती पत्र देते हुए पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चरण सिंह का अपमान करने वाले आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उधर, पुलिस ने गांव में जाकर मामले की जानकारी ली।
लुहारी निवासी सतेंद्र, हरेंद्र, बिट्टू, अंकित, विनोद, राजीव, सुनील, कुलदीप, संदीप, सत्यपाल, सुमित, धर्मपाल आदि बुधवार को बड़ौत तहसील पहुंचे। एसडीएम के न मिलने पर बागपत में डीएम राजकमल यादव से मिले। शिकायती पत्र देकर बताया कि गांव में प्रवेश करते ही पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह का होर्डिंग लगा हुआ था। आरोप है कि इसे हटाकर कुछ लोगों ने बागपत सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह का होर्डिंग लगा दिया है। यह चौधरी चरण सिंह का अपमान है। किसानों के मसीहा का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों के मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर पुलिसकर्मियों को गांव भेजा गया था। स्थिति को देखते हुए स्थानीय चौकी को मामले पर नजर रखने की हिदायत दी गई है।
लुहारी गांव का मामला संज्ञान में आया है। मौके पर जाकर जांच कर कार्रवाई कराई जाएगी। - दुर्गेश मिश्र, एसडीएम।